सदर प्रखंड के डाड़ीगुटू और टोड़ंकेल गांव में बुधवार को कांग्रेस पार्टी की ओर से वोट चोर, गद्दी छोड़ कार्यक्रम के तहत हस्ताक्षर अभियान चलाया गया।
कार्यक्रम में कांग्रेस के झारखंड प्रभारी के राजू, प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, सांसद कालीचरण मुंडा, मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, विधायक दल के नेता प्रदीप यादव, कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
इस अवसर पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए प्रभारी के राजू ने कहा कि भाजपा साजिश के तहत मतदाताओं के अधिकार छीन रही है। बिहार में लाखों आदिवासी, दलित और ओबीसी मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस गांव-गांव में पंचायत कमिटी बनाकर इस साजिश को रोकने का काम करेगी। राजू ने कहा कि अगले महीने झारखंड में पेसा कानून लागू होगा, इससे गांवों को जल, जंगल और जमीन पर अधिकार मिलेगा।
सांसद कालीचरण मुंडा ने कहा कि भाजपा का जनाधार झारखंड में समाप्त हो चुका है। फिर भी वह वोट चोरी कर सत्ता में बने रहना चाहती है। उन्होंने कहा कि भाजपा संविधान से छेड़छाड़ कर दलितों और आदिवासियों के अधिकार छीनना चाहती है, लेकिन कांग्रेस ऐसा होने नहीं देगी।
मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि भाजपा लोकतंत्र को कमजोर कर वोट चोरी के माध्यम से सत्ता पर काबिज रहना चाहती है। उन्होंने लोगों से हस्ताक्षर अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।
प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि अब अगर जनता सतर्क नहीं हुई तो वे कई सरकारी योजनाओं से वंचित हो जाएंगे। विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने कहा कि वोट का अधिकार ही लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है, जबकि बंधु तिर्की ने कटाक्ष करते हुए कहा कि पहले गाय-बकरी की चोरी होती थी, अब भाजपा वोटों की चोरी कर रही है। कार्यक्रम का संचालन जिलाध्यक्ष रवि मिश्रा ने किया।
मौके पर कांग्रेस सहकारिता प्रकोष्ट के प्रदेश महासचिव मो नईमुद्दीन खां, महिला जिलाध्यक्ष सुनीता गोप, संजीव सिंहा, मो अख्तर हुसैन, पीटर मुंडू, पाण्डेया मुंडू, विलशन टोपनो, मरियम आईंद, मिनाक्षी टोपनो, रविकांत मिश्रा, धर्मदास कंडीर, विक्रम नाग, तल्हा खां, अजय मुंडा सहित कांग्रेस कार्यकर्ता व ग्रामीण उपस्थित थे।