झारखंड के खूंटी जिले ने शानदार उपलब्धि हासिल की है। कर्रा को न सिर्फ नीति आयोग ने पुरस्कृत किया है, बल्कि उसे 1.5 करोड़ रुपये भी पुरस्कार के स्वरूप प्रदान किये हैं। कर्रा प्रखंड अपने शानदार प्रदर्शन के बल पर ईस्टर्न जोन में प्रथम स्थान रहा। प्रथम स्थान हासिल करने पर कर्रा प्रखंड को 1.5 करोड़ रुपये की राशि पुरस्कार स्वरूप दी गयी। दरअसल, आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम अंतर्गत नीति आयोग ने कर्रा को शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण, बुनियादी ढांचा, कृषि एवं सामाजिक विकास जैसे छह प्रमुख प्रक्षेत्रों में कर्रा को ईस्टर्न जोन में बेहतर पाया।
कर्रा की इस उपलब्धि पर उपायुक्त लोकेश मिश्रा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह हमारे जिले के लिए यह गर्व का क्षण है। यह पुरस्कार न केवल कर्रा प्रखंड की टीम और स्थानीय प्रशासन के प्रयासों का परिणाम है, बल्कि इसमें समुदाय की सक्रिय भागीदारी भी महत्वपूर्ण रही है। इस पुरस्कार से कर्रा प्रखंड सहित खूंटी जिले को राज्य और देश में अलग पहचान मिली है। पुरस्कार राशि का उपयोग जन कल्याणकारी परियोजनाओं को गति देने और क्षेत्र में जीवन स्तर को बेहतर एवं सुदृढ़ बनाने के लिए किया जाएगा।