पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पंचतत्व में विलीन हो गये है। डॉ मनमोहन सिंह का पूरे राजकीय सम्मान के साथ नयी दिल्ली के कश्मीरी गेट स्थित निगम बोध घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया। मनमोहन सिंह के अंतिम संस्कार के समय राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू , उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे सहित तमाम सियासी हस्तियां मौजूद रहीं। पूर्व प्रधानमंत्री के अंतिम संस्कार से पूर्व तीनों सेना के जवानों ने सलामी दी। मनमोहन सिंह की बेटियों ने उन्हें मुखाग्नि दी।
अंतिम संस्कार से पूर्व पूर्व मनमोहन सिंह की अंतिम यात्रा कांग्रेस दफ्तर से शुरू हुई। उनकी अंतिम यात्रा अकबर रोड से इंडिया गेट, इंडिया गेट से तिलक मार्ग, तिलक मार्ग होते हुए निगम बोध पहुंची। जहां तमाम नेताओं ने उन्हें पुष्प चक्र अर्पित कर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद तीनों सेना के जवानों ने उन्हें सलामी दी।