चान्हों में प्रमंडल स्तरीय किसान मेला में मत्स्य पालकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण



ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूती के लिए मछलीपालन से जुड़ें - शिल्पी नेहा तिर्की 


झारखंड सरकार के कृषि, पशुपालन व सहकारिता  विभाग के तत्वावधान में जिले के  सिलागाई, (चान्हो) में शनिवार को प्रमंडल स्तरीय किसान मेला का आयोजन किया गया। उक्त मेला में   कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग की मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की द्वारा मत्स्य पालन विभाग के लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण किया गया। 
 मेला में निदेशक (मत्स्य)डॉ.एचएन द्विवेदी,उप मत्स्य निदेशक अमरेंद्र कुमार व शंभू प्रसाद यादव, रांची जिला मत्स्य पदाधिकारी जयंत रंजन सहित काफी संख्या में मत्स्य कृषक उपस्थित थे।
   मौके पर मत्स्य कृषकों को संबोधित करते हुए विभागीय मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि मत्स्य पालन ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती दिलाने में सहायक है।
उन्होंने अधिक से अधिक लोगों को मछली पालन के रोजगार से जुड़कर आर्थिक सशक्तिकरण में सहयोग करने की अपील की। वहीं, निदेशक डॉ.एचएन द्विवेदी ने कहा कि झारखंड सरकार मत्स्य पालकों को हर संभव सहयोग करने को तत्पर है। विभागीय मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की के मार्गदर्शन में मत्स्य निदेशालय मछली उत्पादन में झारखंड राज्य को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सतत प्रयासरत है। उन्होंने मत्स्य पालन से जुड़कर आमदनी बढ़ाने की अपील की।
 इस अवसर पर कांके के विधायक सुरेश बैठा, झारखंड सरकार के  पूर्व मंत्री बंधु तिर्की सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे।
View Counter
1,499,950
Views