झारखंड से मत्स्य कृषकों का दस सदस्यीय दल गणतंत्र दिवस समारोह में भाग लेने के लिए नयी दिल्ली रवाना हुआ।
मत्स्य निदेशालय (झारखंड) से प्राप्त जानकारी के अनुसार भारत सरकार द्वारा पूरे देश से कृषि, पशुपालन, सहकारिता एवं मत्स्य पालन व संबद्ध क्षेत्र के दस हजार लोगों को विशिष्ट अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है।
झारखंड के सभी मत्स्य कृषक सपत्नीक दिल्ली में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल होंगे। मत्स्य विभाग से संजय कुमार गुप्ता, (उप मत्स्य निदेशक), रेवती हांसदा, (सहायक मत्स्य निदेशक) टीम लीडर के रूप में किसानों के साथ प्रस्थान किए।
झारखंड से सरायकेला के सूरज कैवर्त , पूर्वी सिंहभूम से स्वप्न कैवर्त, रामगढ़ से विष्णु केवट सहित अन्य कृषक भी दिल्ली जानेवाले की टीम में शामिल थे।
निदेशक मत्स्य, झारखंड द्वारा सभी को मंगलमय कामना के साथ नई दिल्ली रवाना किया गया।
इस समारोह में भाग लेने के लिए व्यय भारत सरकार के द्वारा वहन किया गया है। सभी को हवाई मार्ग से ले जाया गया, जिसके कारण सभी किसान उत्साहित थे। किसान पहली बार अपने आंखों से साक्षात कर्तव्य पथ पर परेड एवं झांकी का अवलोकन करेंगे।
उक्त जानकारी मत्स्य निदेशालय के मुख्य अनुदेशक प्रशांत कुमार दीपक ने दी।