झारखंड के वित्तमंत्री राधाकृष्ण किशोर ने अपने दिल्ली प्रवास के दौरान केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और कोयला मंत्री किशन रेड्डी से मुलाकात कर झारखंड के कोयला उत्खन्न क्षेत्र में एक लाख 36 लाख करोड़ बकाये राशि के लिए केन्द्र से की गई मांग को लेकर लिखित स्मार पत्र देकर बकाया राशि का भुगतान करने का आग्रह किया। यह जानकारी प्रदेश कांग्रेस मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने दी। उन्होंने बताया कि झारखंड की आय के अपने आंतरिक स्रोतों में वृद्धि कर सामाजिक आर्थिक उन्नति के लिए प्रयासरत है। झारखंड राज्य के समुचित विकास के लिए केंद्र के जरिये आर्थिक सहयोग आवश्यक है। वित्त मंत्री ने दोनों केंद्रीय मंत्रियों से झारखंड का बकाया एक लाख 36 हजार करोड़ रुपए की राशि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। केंद्रीय कोयला मंत्री रेड्डी ने कोयला मंत्रालय के अपर सचिव स्मिता प्रधान को बुलाकर निर्देश दिया कि यथाशीघ्र भारत सरकार के कोयला मंत्रालय तथा झारखंड सरकार के खनन मंत्रालय के अधिकारियों की टीम गठित कर सौहार्दपूर्ण बैठक कर वास्तविक बकाए की राशि की गणना करें ताकि कोयला उत्खनन के शीर्ष में झारखंड को बकाया राशि का भुगतान किया जा सके।