राज्यपाल के अभिभाषण से शुरू हुआ झारखंड का बजट सत्र,  मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना को बताया मील का पत्थर



झारखंड विधानसभा का बजट सत्र राज्यपाल संतोष गंगवार के अभिभाषण के साथ शुरू हो गया है। राज्यपाल ने अपने अभिभाषण में राज्य सरकार की योजनाओं, उपलब्धियों और प्राथमिकताओं को गिनाया। अभिभाषण के दौरान ही भाजपा ने टोका-टोकी कर विरोध भी जताया। विधायक सीपी सिंह, नवीन जायसवाल और नीरा यादव ने विभिन्न मुद्दों को लेकर विरोध प्रकट किया। सीपी सिंह ने कहा कि राज्यपाल से झूठ बोलवाया जा रहा है। जो बातें कही जा रही हैं, वो असत्य हैं। भाजपा ने मंईयां सम्मान योजना, भ्रष्टाचार, नियुक्ति और किसानों की ऋण माफी सहित कई मुद्दों पर अपना विरोध दर्ज कराया। सत्ता पक्ष ने विपक्ष के इस रवैये पर विरोध जताया।
इस दौरान राज्यपाल ने अपना अभिभाषण पढ़ना जारी रखा। राज्यपाल ने कहा, सरकार ने राज्य के महिलाओं को आर्थिक रूप से स्वावलंबी, सामाजिक रूप से सशक्त, शारीरिक रूप से स्वस्थ तथा मानसिक रूप से सजग बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की शुरूआत की है। इसके द्वारा 18 वर्ष से 50 वर्ष तक की सभी पात्र महिलाओं के खाते में रुपये 2500 प्रतिमाह डीबीटी के माध्यम से दिया जा रहा है। सरकार का यह कदम, महिला कल्याण के प्रति उसकी गंभीरता को स्पष्ट रूप से परिलक्षित करता है। दिसंबर 2024 तक कुल 56.61 लाख महिलाओं को इस योजना से लाभान्वित करते हुए उन्हें आर्थिक सबल प्रदान किया गया है। इसपर  3252 करोड़ से अधिक राशि का व्यय किया गया है। 
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत राज्य में लगभग 2.9 लाख सखी मंडलों का गठन किया गया है। राज्य के 31 लाख से अधिक परिवारों को इन सखी मंडलों में जोड़ा गया है। 2.8 लाख सखी मंडलों को 452 करोड़ से अधिक की राशि चक्रीय निधि के रूप में तथा 2.85 लाख सखी मंडलों को 1946 करोड़ की राशि सामुदायिक निवेश निधि के रूप में उपलब्ध करायी गयी है।
आदिम जनजाति परिवारों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए 5705 सखी मंडलों में लगभग 58 हजार आदिम जनजाति परिवारों को जोड़ा गया है।
महिला किसान सशक्तिकरण परियोजना के द्वारा राज्य के 3 लाख परिवारों को लाह, रेशम, औषधीय पौधे की खेती, इमली, कृषि एवं पशुपालन और फूलो-झानो आशीर्वाद अभियान के तहत 38 हजार से अधिक महिलाओं को हड़िया दारू बिक्री छोड़कर सम्मानजनक वैकल्पिक आजीविका से जोड़ा गया है।
राज्यपाल ने कहा, वर्तमान सत्र में आपके समक्ष वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए आय-व्ययक प्रस्तुत किया जायेगा, जिसे पारित करने की आपसे अपेक्षा की जायेगी। विश्वास है कि राज्य के समस्त जनता के हित में आप सब सरकार का सहयोग कर जन आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए दलीय निष्ठा से ऊपर उठ कर विस्तृत विचार-विमर्श कर, उसका समाधान निकालेंगे। सरकार ने समर्पित और सुविचारित नीतियों से राज्य में एक ऐसा माहौल तैयार किया है जहां से विकास और समृद्धि के अनेक रास्ते निकलते हैं। आशा है राज्य को विकास पथ पर आगे ले जाने में आप सबका सकारात्मक सहयोग प्राप्त होगा।
View Counter
1,499,950
Views