झारखंड की महिला हॉकी टीम ने हॉकी इंडिया सीनियर महिला राष्ट्रीय चैम्पियनशिप 2025 का खिताब जीत लिया है। झारखंड बेटियों ने तीन बार की और साथ में गत चैम्पियन टीम हरियाणा का फिर से खिताब जीतने का सपना चकनाचूक करते हुए पहली बार खिताब जीता है। बता दें कि सीनियर हॉकी में पुरुषों ही नहीं, महिलाओं की हॉकी में झारखंड का पहला खिताब है। झारखंड ने पेनाल्टी शूट आउट में हरियाणा को 4-3 से हराया।
टीम झारखंड और टीम हरियाणा के बीच पंचकूला के ताऊ देवी लाल हॉकी स्टेडियम में फाइनल मैच खेला गया। एक समय हरियाणा ने तीसरे क्वार्टर में 1 गोल से बढ़त बना ली थी। तीसरे क्वार्टर में हरियाणा की कप्तान रानी ने 42वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर से गोल किया। एक गोल से पिछड़ने के बाद भी झारखंड की बालाओं ने हिम्मत नहीं हारी। तीसरे क्वार्टर के 44वें मिनट में प्रमोदिनी लकड़ा ने गोल बराबर कर दिया। दोनों ही टीमें निर्धारित खेल की समाप्ति तक 1-1 गोल की बराबरी पर थीं। इसके कारण विजेता के फैसले के लिए पेनाल्टी शूटआउट का सहारा लेना पड़ा। इस में झारखंड की लड़कियों ने बाजी मार ली। 5 पेनाल्टी शूट में टीम हरियाणा सिर्फ 3 गोल ही कर सकी। उसका 2 शूट को झारखंड की गोलकीपर ने बेकार कर दिया। वहीं टीम झारखंड की लड़कियों ने 4 गोल दागकर झारखंड की विजय पताका लहरा दी। हरियाणा की ओर से पिंकी, अन्नू, मनीषा ने गोल किया। वहीं, झारखंड की ओर से रजनी केरकेट्टा, निराली कुजूर, बिनिमा धान और अलबेला रानी टोप्पो ने गोल किया। झारखंड की ओर शम्मी बारा गोल करने से चूक गयीं।
बता दें कि मैच में दोनों ही टीमों की लड़कियों ने शानदार खेल का परिचय दिया। दोनों ही टीमों को मैच में 2-2 पेनाल्टी कॉर्नर मिले थे। बता दें कि 2015 के बाद झारखंड की टीम इस टूनार्मेंट के फाइनल में पहुंची थी।