झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री सह झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन की तबीयत को लेकर देशभर में चिंता है। वे दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती हैं, जहां उनका इलाज चल रहा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गुरुवार को सर गंगाराम अस्पताल पहुंचकर शिबू सोरेन के स्वास्थ्य की जानकारी ली। इस दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन भी मौजूद थीं। राष्ट्रपति ने चिकित्सकों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।
स्वास्थ्य की जानकारी
अस्पताल सूत्रों के मुताबिक शिबू सोरेन की हालत इस समय स्थिर है। डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है। चिकित्सकों का कहना है कि अगली तीन से चार दिनों तक इंतजार करना होगा, उसके बाद ही उनकी स्थिति को लेकर कोई ठोस जानकारी दी जा सकेगी।
मुख्यमंत्री की दिल्ली में मौजूदगी
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन दो दिन पहले ही दिल्ली पहुंचे थे। पहले संभावना जताई जा रही थी कि वह गुरुवार शाम रांची लौट सकते हैं, लेकिन गुरुजी की स्थिति को देखते हुए अब उनका रांची लौटना शुक्रवार सुबह संभावित है।
झारखंड में चिंता
शिबू सोरेन के स्वास्थ्य को लेकर झारखंड में चिंतित समर्थक लगातार बेहतर स्वास्थ्य की कामना कर रहे हैं। शिबू सोरेन झारखंड आंदोलन के सबसे प्रमुख नेताओं में गिने जाते हैं और उन्हें पूरे राज्य में 'गुरुजी' के नाम से जाना जाता है।